दशहरा उत्सव में हुआ भव्य महाआरती का आयोजन,101 ब्राह्मणों ने किया मंत्रोच्चार

ख़बरें अभी तक: अंतरराष्ट्रीय देव महाकुंभ दशहरा पर्व में पुजारी कल्याण संघ द्वारा दिव्य एवं भव्य महा आरती का आयोजन किया गया। इस आरती में वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। रथ मैदान में उपस्थित भक्तों ने महाआरती में भाग लिया और देवी-देवताओं की आराधना की। इस दौरान वन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि दशहरा उत्सव में यह आयोजन दूसरी बार किया गया है। वहीं अब अगले साल से इसका आयोजन हर साल किया जाएगा जो अधिक भव्य होगा।

उन्होंने कहा कि इस महाआरती के आयोजन से देवभूमि गुंजायमान होगी और यह दृश्य ईश्वरीय शक्ति का एक मनोरम गगनचुंबी बाध्य ध्वनि के साथ आकर्षण एवं आशीष प्रदान करने वाला होगा। वहीं पुजारी कल्याण संघ के अध्यक्ष इंद्र देव शास्त्री ने बताया कि दशहरा उत्सव में पूजा व आरती से सुबह व सांय का माहौल बेहद देव मय होता है। लेकिन सभी देवताओं की आरती देव कैंपों में होती है और अपनी-अपनी परंपराओं के अनुसार की जाती है। ऐसे में अब हर साल रथ मैदान में भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा।