सरकारी आवास में महिला पुलिसकर्मी का पंखे से लटकता मिला शव

ख़बरें अभी तक। देवरिया जनपद सदर कोतवाली के सरकारी आवास में बुधवार की शाम एक महिला आरक्षी का शव बरामद हुआ। आशंका जताई जा रही है कि महिला कांस्टेबल ने आत्महत्या की है। महिला आरक्षी का नाम जुलेखा खातून (22) है और वो मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली थी जो अविवाहिता थी। जुलेखा की तैनाती वर्तमान में बनकटा थाने में थी, लेकिन वो 22 सितम्बर से छुट्टी पर थी। 2016 में महिला आरक्षी यूपी पुलिस में भर्ती हुई थी।

करीब तीन माह पूर्व ही उसकी सदर कोतवाली से यहां तैनाती हुई थी। उसने सदर कोतवाली परिसर में स्थित अपने सरकारी आवास को अभी नहीं छोड़ा था। अक्सर वह छुट्टी मिलने पर यहीं आकर रहती थी। बुधवार की देर शाम उसके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसी बीच किसी ने जंगले से उसे पंखे में दुपट्टे के सहारे लटकता देखा। इसकी खबर मिलते ही पुलिसकर्मियों ने आनन-फानन में कमरे का दरवाजा तोड़ उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसकी जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र, एएसपी शिष्यपाल, सीओ निष्ठा उपाध्याय व एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्र मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने कमरे का जायजा लेने के साथ ही अगल-बगल रहने वालों  पुलिस कर्मियों से पूछताछ की। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारी कोतवाली में जमे हुए थे। महिला कांस्टेबल ने फांसी लगा कर जान दी है। उसका शव पंखे में दुपट्टे के सहारे लटक रहा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की छानबीन की जा रही है। घटना के बारे में कांस्टेबल के परिजनों को सूचना दे दी गई है।