ओपी धनखड़ जनता की समस्याएं सुनने की बजाय परिवार तक सीमित हो गए है: राव धर्मपाल

ख़बरें अभी तक। बादली हलके के दंगल में ताल ठोक रहे राव धर्मपाल ने बादली विस के अभी तक के चुने गए नुमाइंदों पर सेवक की बजाय राजा बनने का आरोप लगाया है। गांव तुंबाहेड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए राव धर्मपाल ने बादली के मौजूद विधायक एवं मंत्री ओपी धनखड़ को आड़े हाथों लिया और कहा कि ओपी धनखड़ में जनता के वोट पाकर अहंकार आ गया और वे जनता की समस्याएं सुनने की बजाय परिवार तक सीमित हो गए। गांव में पहुंचने पर राव धर्मपाल का युवाओं ने बाइक रैली से स्वागत किया और अपने समर्थन का ऐलान किया।

अपने संबोधन में राव धर्मपाल ने कहा कि आज तक व्यवस्था परिवर्तन का निर्णय किसी ने नहीं लिया और अगर जनता उनके हाथों को मजबूत करती है तो वे व्यवस्था परिवर्तन का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता तो सेवक चुनती है मगर ये लोग राजा बन जाते हैं और वे अपने क्षेत्र को अपनी रियासत समझने लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में नेता केवल नेताजी सुभाष चंद्र बोस हुए हैं। इस बार बादली की जनता ने नेताओं को सबक सिखाने का मन बना लिया है और बादली विस का यह संदेश सारे प्रदेश में जाएगा।

धर्मपाल ने कहा कि बादली के हाल के विधायक ने हलके के विकास के लिए कुछ नहीं किया और आज जनता में उनके खिलाफ जबरदस्त रोष है। यहां का किसान बदहाल है। फसल का पैसा किसान को नहीं मिल पा रहा है। ऐसा पहली बार देखा गया कि मंडियों के गेट बंद कर दिए गए। उन्होंने कहा कि जनता ने आशीर्वाद दिया तो वे बादली की तस्वीर बदलने का काम करेंगे। जनता उन्हें सोच से अधिक आशीर्वाद दे रही है। उन्होंने अपील की कि उनके बारे में लोग पता कर लें अगर उन्हें यह लगे कि वे उनकी लड़ाई लड़ सकते हैं तो वे समर्थन की अपील करते हैं। धर्मपाल ने कहा कि उन्होंने गरीबी को नजदीक से देखा है और वे जानते हैं कि आज जन मानस को जंग लगी इस व्यवस्था से कितनी परेशानी होती है।