आज चांद की सतह पर उतरेगा चंद्रयान-2, PM मोदी पहुंचेंगे ISRO

ख़बरें अभी तक। आज देश की लिए बड़े ही गर्व की बात है क्योंकि आज चंद्रयान-2 चांद की सतह पर लैंड करेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के वैज्ञानिकों की मेहनत का नतीजा आज सामने होगा वहीं चंद्रयान-2 की लैंडिग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देखेंगे। बता दें कि पीएम मोदी शुक्रवार देर रात को ही बेंगलुरु के ISRO सेंटर में पहुंचेंगे, जहां पर वह स्कूली बच्चों के साथ इस पल को देखेंगे।

चंद्रयान-2 की लैंडिंग प्रक्रिया देर रात 1 बजे के आसपास शुरू होगी, जो 7 सितंबर सुबह तक जारी रहेगी। भारत पहली बार अपने किसी यान की सॉफ्ट लैंडिंग कराने जा रहा है। चंद्रयान-2 का विक्रम लैंडर 35 KM. की ऊंचाई से चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतरना शुरू करेगा। तब इसकी रफ्तार 200 मीटर प्रति सेकंड होगी। वैज्ञानिकों के लिए यह बेहद चुनौतीपूर्ण काम होगा। क्योंकि ऐसा पहली बार होगा जब कोई देश चांद के दक्षिणी ध्रुव पर होगा।

विक्रम लैंडर दक्षिणी ध्रुव पर मौजूद 2 क्रेटर मैंजिनस-C और सिंपेलियस-N के बीच मौजूद मैदान में उतरेगा। करीब 6 KM की ऊंचाई से लैंडर 2 मीटर प्रति सेकंड की गति से चांद की सतह पर उतरेगा। इस दौरान कुल पंद्रह मिनट का समय लगेगा। चांद पर लैंडिंग के वक्त करीब 2 घंटे के बाद विक्रम लैंडर का रैंप खुलेगा।

इसी के जरिए 6 पहियों वाला प्रज्ञान रोवर चांद पर उतरेगा। प्रज्ञान रोवर का सोलर पैनल खुलेगा। सोलर पैनल के जरिए वह ऊर्जा हासिल करेगा। प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर चलना शुरू करेगा। वह 1 सेंटीमीटर प्रति सेकंड की गति से चांद की सतह पर 14 दिनों तक यात्रा करेगा। इस दौरान वह 500 मीटर की दूरी तय करेगा।